‎पटना , जनवरी 27 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है, जो जाति और परिवार के नाम से नहीं अपने कार्यकर्ताओं के दम पर आगे बढ़ रही है और इसमें बूथ पर काम करने वाला सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है।

श्री सरावगी आज अपने प्रवास कार्यक्रम के क्रम में गया पहुंचे और हरिदास सेमिनरी हाई स्कूल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा जाति और परिवार के नाम से नहीं अपने कार्यकर्ताओं के दम पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद भी भाजपा अपनी विचारधारा पर कायम रहती हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा महज एक पार्टी नहीं परिवार है और इसमें बूथ पर काम करने वाला सामान्य कार्यकर्ता भी संगठन के सर्वोच्च पद पर पहुंच सकता है।

‎ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देश में कई राजनीतिक दल हैं,जिन्हें एक खास परिवार चलाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा एक मात्र ऐसा दल है, जो अपने देवतुल्य कार्यकर्ताओं की ताकत से चलता है। उहोने कहा कि कार्यकर्ता अपनी पूरी ताकत से काम करे तो हर चुनाव के परिणाम सकारात्मक आते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित