देहरादून , मार्च 31 -- भारतीय जनता पार्टी अपने स्थापना दिवस को उत्तराखंड में बूथ एवं गांव स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से व्यापक स्वरूप में मनाने जा रही है। मुख्यमंत्री एवं पार्टी जनप्रतिनिधियो की सहभागिता से होने वाले इन कार्यक्रमों को पार्टी विचारधारा को आगे बढ़ाने के साथ, डबल इंजन सरकार के कामों का लाभ जनता को दिलाने की दृष्टि से किया जाएगा।
मंगलवार को प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि आगामी 06 अप्रैल को पार्टी अपने सांगठनिक स्थापना दिवस को भव्य एवं व्यापक स्वरूप में मनाने जा रही है। देश की तरह प्रदेश में भी कोने-कोने में लाखों कार्यकर्ता, स्थापना दिवस को विभिन्न जन कल्याणकारी कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास से मनाएंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष, सांसद महेंद्र भट्ट के निर्देश पर 05 से 12 अप्रैल तक गांव स्तर पर बड़े कार्यक्रमों के साथ बूथ स्तर पर स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित होंगे।
श्री चौहान ने बताया कि स्थापना दिवस कार्यक्रम में सभी मंडल, जिला एवं प्रदेश कार्यालयों की 05, 06, 07 अप्रैल को सजावट की जाएगी। जबकि पार्टी के सभी कार्यालयों पर पार्टी का ध्वज 06 अप्रैल को भव्य तरीके से फहराया जाएगा। इस दौरान कार्यक्रम के दौरान पार्टी की विकास यात्रा पर उद्बोधन तथा मिष्ठान वितरण होगा। सभी कार्यकर्ता अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराएंगे। उन्होंने बताया कि इसी क्रम में 06, 07 अप्रैल को ही प्रत्येक बूथ पर प्राथमिक एवं सक्रिय सदस्य एकत्रित होकर पार्टी के स्थापना दिवस का कार्यक्रम मनाएंगे। प्रत्येक जिले पर 08, 09 अप्रैल को पार्टी के सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। जिसमें संगठनात्मक विस्तार एवं चुनावी सफलता के लिए विभिन्न विषयों समेत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार के द्वारा किये गये उल्लेखनीय एवं ऐतिहासिक कार्यों की चर्चा की जाएगी।
मीडिया प्रभारी ने बताया कि इसी तरह 07 से 12 अप्रैल के बीच में गांव, बस्ती चलो अभियान का आयोजन होगा। जिसमें सभी पार्षद, पंचायत सदस्य से लेकर ऊपर स्तर के सभी जन प्रतिनिधियों सांसद, विधायक, मंत्री, मुख्यमंत्री सहित पार्टी के कार्यकर्ता प्रभावी रूप से भाग लेंगे। इसके दौरान बड़ी विधान सभा क्षेत्र में कम से कम 50 बड़े गांव तथा छोटी विधान सभा क्षेत्र में 10 बड़े गांव में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित