नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर घुसपैठ के मुद्दे पर सिर्फ राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि वह घुसपैठियों के नाम पर वोट की राजनीति करती है और उन्हें देश से बाहर नहीं कर पाती है।

श्री खरगे ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा पर निशाना साधा और कहा कि वह लोगों में सांप्रदायिकता का ज़हर रोज भर रहे हैं। सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा, गृह मंत्री अमित शाह और यहां के मुख्यमंत्री जनता को बताते हैं कि असम में सब कुछ ठीक है जबकि असलियत इसके विपरीत है। उन्होंने गृह मंत्री पर निशाना सदा और कहा "अमित शाह असम आते है और बंगलादेशी घुसपैठियों की बात करते हैं। ये घुसपैठियों को निकालते नहीं, पालते हैं। उसके नाम पर राजनीति करते हैं। दस साल से दिल्ली और असम में इनकी सत्ता है पर ये घुसपैठियों को नहीं निकाल सके तो अब क्या करेंगे।"श्री खरगे ने कहा कि 2005 से 2013 के बीच संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन(संप्रग) सरकार के दौरान 88,792 अवैध प्रवासियों को देश से निकाला गया था। लेकिन श्री मोदी के शासन में 2014 से 2019 के बीच केवल 2,566 लोग निकाले गए। मोदी सरकार पर असम की बराक और कछार घाटी के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा पिछले 10 साल में इन इलाकों की उपेक्षा हुई है और वहां के लोगों के साथ सौतेल व्यवहार कर उनकी समस्यओं को पूरी तरह से नज़रअंदाज़ किया गया है।

उन्होंने कहा "सिलचर शहर की समस्या को सुलझाने के लिए सिलचर फ्लाईओवर अभी भी अधूरा है। तारापुर एलिवेटर कॉरिडोर का काम अभी भी रुका हुआ है। ये सिर्फ़ देर से चल रहे प्रोजेक्ट नहीं हैं बल्कि ये आम लोगों के लिए रोज़मर्रा के संघर्ष हैं। छात्र, मज़दूर, मरीज़, इस नाकामी की वजह से हर कोई परेशान है। आस- पास की इलाकों में हर साल, बाढ़ एक ऐसी आफ़त बनकर आती है जो कभी खत्म नहीं होती। घर तबाह हो जाते हैं, फ़सलें बर्बाद हो जाती हैं, परिवार बदहाली में पड़ जाते हैं। फिर भी भाजपा के पास कोई स्थायी समाधान नहीं है। कछार के लोग सुरक्षा और संरक्षण के हकदार हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। सिलचर की पानी में डूबी सड़कें, टूटा हुआ ड्रेनेज सिस्टम, और बर्दाश्त से बाहर ट्रैफिक जाम विकास नहीं है।"भाजपा पर वोट की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग वोट के लिए कुछ भी बातें कर देते हैं। कभी ये कहा था कि वे असम समझौता को लागू करेंगे, फिर कहा कि असम को बाढ़ और धंसाव मुक्त बना देंगे। फिर वादा किया कि कुछ समुदायों को एस टी का दर्जा देंगे, लेकिन श्री मोदी ये सारे वायदे भूल गए। उनको केवल ये याद रहा कि गुवाहाटी एयरपोर्ट ठीक ठाक चल रहा है और इसे अडानी को देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित