जयपुर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा है कि भाजपा की सरकार किसान कल्याण, ग्रामीण विकास और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छह किश्तों के माध्यम से 65 लाख से अधिक किसानों को 3,387 करोड़ का लाभ मिला है।
श्री राठौड़ ने अपने बयान में कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रदेश के 76.18 लाख किसानों को 14 हजार 405 करोड़ से अधिक की राशि हस्तांतरित की गई है, जबकि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छह किश्तों के माध्यम से 65 लाख से अधिक किसानों को 3,387 करोड़ का लाभ मिला है।
इसी प्रकार 1.09 करोड़ किसानों को 67,293 करोड़ का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा 3.18 लाख नए किसानों को 561 करोड़ का फसली ऋण दिया गया है। ये प्रयास किसानों को खेती के लिए आवश्यक पूंजी उपलब्ध कराने और उन्हें साहूकारों पर निर्भरता से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
उन्होंने कहा कि राज्य के पात्र किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत मिलने वाली वार्षिक सहायता दो हजार से बढ़ाकर तीन हजार रुपए किए जाने से भी किसानों को अतिरिक्त आर्थिक संबल मिला है और अब इस राशि को छह हजार रुपए तक बढ़ाया जाएगा।
श्री राठौड़ ने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए कृषि के साथ पशुपालन और अन्य आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देना भी आवश्यक है। इसी दिशा में 1.03 लाख पात्र गोपालक परिवारों को 775 करोड़ का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया गया है तथा 45 हजार 968 लाभार्थियों को 400 करोड़ का आजीविका ऋण दिया गया है। इसके अतिरिक्त 66 हजार 43 किसानों को 66.49 करोड़ का ब्याज अनुदान और 11 हजार 145 किसानों एवं लघु उद्यमियों को 338 करोड़ का दीर्घकालीन कृषि ऋण उपलब्ध कराया गया है।
श्री राठौड़ ने कहा कि किसानों को प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान की स्थिति में राहत देना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। प्रदेश में 59.53 लाख किसानों को 5666 करोड़ का कृषि आदान अनुदान उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि किसान को केवल फसल के समय सहायता देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसे आय सहायता, सस्ता ऋण, जोखिम सुरक्षा और कृषि में निवेश इन चारों स्तरों पर सहयोग देना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इसी व्यापक दृष्टिकोण के साथ किसानों को मजबूत बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को स्थायित्व प्रदान करने की दिशा में काम कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित