कोल्हापुर , अक्टूबर 20 -- महाराष्ट्र के सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत महायुति गठबंधन को बड़ा झटका देते हुए वरिष्ठ कांग्रेस नेता और एमएलसी सतेज उर्फ बंटी पाटिल के नेतृत्व वाले पैनल ने 'गोकुल' के नाम से लोकप्रिय कोल्हापुर जिला सहकारी दूध उत्पादक संघ के चुनाव में 25 में से 13 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं, सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को 12 सीटों पर ही संतोष करना पड़ा।

आपत्तियों और फिर से मतगणना की मांगों के बीच मतगणना की कड़ी प्रक्रिया के बाद सोमवार देर रात चुनाव परिणाम घोषित किए गए। कोल्हापुर जिला कांग्रेस अध्यक्ष और महाराष्ट्र विधान परिषद में पार्टी के समूह नेता पाटिल ने 'राजर्षि शाहू शेतकरी समविचारी अघाड़ी' का नेतृत्व कियया। इस पैनल ने भाजपा, राकांपा, एकनाथ शिंदे नीत शिवसेना और जनसुराज्य पार्टी वाले महायुति पैनल को मामूली अंतर से हरा दिया।

यह परिणाम भाजपा गठबंधन के लिए एक बड़ा झटका है, जिसने इस प्रभावशाली दूध सहकारी संस्था पर अपना दबदबा बनाए रखने के लिए मंत्रियों, सांसदों और विधायकों सहित जिले के कई प्रमुख नेताओं को मैदान में उतारा था। चुनाव रिपोर्टों के अनुसार, गोकुल की राजनीति के कई स्थापित चेहरों को भी हार का सामना करना पड़ा, जिनमें राज्य मंत्री हसन मुश्रीफ के बेटे नाविद मुश्रीफ और पूर्व अध्यक्ष विश्वास पाटिल और अरुण डोंगले शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित