कानपुर , मई 02 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ स्तर पर संगठन को सशक्त बनाने के लिए व्यापक सत्यापन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी मंडल प्रवासी अपने-अपने क्षेत्रों के प्रत्येक बूथ पर जाकर बूथ कमेटियों का भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करें और जहां कमेटियां अपूर्ण हैं, उन्हें शीघ्र पूरा किया जाए। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के 17 जिलों के जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों एवं 254 मंडलों के प्रवासियों की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रत्येक शक्ति केंद्र और बूथ पर जिम्मेदार कार्यकर्ताओं को बूथ पालक एवं बूथ प्रवासी नियुक्त करने पर जोर दिया, ताकि संगठन की मजबूती जमीनी स्तर तक सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्य अभिलेखों के साथ-साथ धरातल पर भी शत-प्रतिशत पूर्ण होने चाहिए। मंडल प्रवासी मंडल से लेकर बूथ स्तर तक सभी गतिविधियों का सत्यापन कर संगठनात्मक ढांचे को सक्रिय और सुदृढ़ बनाएंगे। साथ ही 'मन की बात' कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुनना भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के बाद धर्मपाल सिंह ने जिला अध्यक्षों से आगामी जिला प्रशिक्षण वर्गों की तिथियों, स्थान एवं व्यवस्थाओं की जानकारी ली और उन्हें प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक विषयों पर चर्चा भी की।
बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने की, जबकि संचालन क्षेत्रीय महामंत्री पूनम द्विवेदी ने किया। प्रस्तावना प्रदेश महामंत्री एवं क्षेत्रीय प्रभारी अनूप गुप्ता ने प्रस्तुत की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित