चंडीगढ़ , अप्रैल 14 -- हरियाणा भारतीय जनता पार्टी की कोर ग्रुप बैठक प्रदेश कार्यालय 'पंचकमल' मेंहुई, जिसमें निकाय चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गयी। बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

करीब दो घंटे चली बैठक में नगर निगम, परिषद और पालिका चुनावों को लेकर रणनीति तैयार की गयी। यह निर्णय लिया गया कि पांच सदस्यीय कमेटी 15 और 16 अप्रैल को रायशुमारी कर रिपोर्ट तैयार करेगी, जबकि20 अप्रैल को चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम तय होंगे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सरकार की नीतियों और महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कांग्रेस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के सम्मान में कमी रखने का आरोप भी लगाया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पार्टी ने निकाय चुनाव के लिए व्यापक रणनीति बनायी है और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गयी हैं। सत्रह से 19 अप्रैल तक सभी वार्डों में बैठकों का आयोजन होगा।

बैठक में नारी शक्ति वंदन अधिनियम, 'मन की बात' कार्यक्रम और अन्य संगठनात्मक अभियानों की भी समीक्षा की गयी। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि निकाय चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित