रायपुर , जुलाई 10 -- छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में शुक्रवार को पार्टी के सभी 17 प्रकोष्ठों की संयुक्त प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की गई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव की अध्यक्षता में करीब ढाई घंटे तक चली बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, संगठन के तीनों प्रदेश महामंत्री, संगठन महामंत्री पवन साय, सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक, सह-संयोजक, पदाधिकारी एवं एक हजार से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक के दौरान आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों के लिए विभिन्न प्रकोष्ठों को जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा, "भारतीय जनता पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। आज 17 प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की पहली कार्यशाला आयोजित की गई। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री किरण सिंह देव जी, संगठन के तीनों प्रदेश महामंत्री, सभी 17 प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक एवं सह-संयोजक सहित एक हजार से अधिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।"उन्होंने कहा, "कार्यशाला में प्रकोष्ठों की भूमिका और दायित्वों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया गया कि वे भारतीय जनता पार्टी की रीति-नीति तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य पूरे समर्पण के साथ करें।"मुख्यमंत्री ने मीडिया से चर्चा में कार्यकर्ताओं को चार सूत्रीय संदेश देते हुए कहा, "सिर पर बर्फ रखो", यानी दिमाग हमेशा ठंडा रखो। "मुंह में मिश्री रखो", यानी जुबान हमेशा मीठी रखो। "पैर में चक्र रखो", यानी पार्टी के काम के लिए हमेशा चलायमान रहो। पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा रखो, ताकि आपस में भाईचारा बना रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित