चंडीगढ़ , अक्टूबर 17 -- चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एच.एस. लक्की ने भाजपा पर निशाना साधते हुएआरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार ने आम जनता की मुश्किलें बढ़ाई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा अपनी उपलब्धियों का प्रचार कर रही है, जबकि देश और चंडीगढ़ में लोग बुनियादी समस्याओं से जूझ रहे हैं।
श्री लक्की ने कहा कि कभी 'सिटी ब्यूटीफुल' के नाम से पहचाने जाने वाले चंडीगढ़ में नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। शहर की सड़कों की खराब हालत, विकास परियोजनाओं के अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने और कथित भ्रष्टाचार को लेकर भाजपा को जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकाल में शहर को बेहतर प्रशासन और विकास देने में विफलता रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने चंडीगढ़ में करीब 1,000 युवाओं की नौकरियां छिनने के मामले पर चिंता जताते हुए कहा कि नए रोजगार के पर्याप्त अवसर भी पैदा नहीं हो रहे हैं। उन्होंने भाजपा से युवाओं के भविष्य, नगर निगम की जवाबदेही और शहरवासियों की बुनियादी समस्याओं पर जवाब देने की मांग की।
श्री लक्की ने चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की स्वतंत्रता को लेकर उठ रहे सवालों पर भी सरकार को जवाबदेह ठहराया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि भाजपा को प्रेस वार्ताओं में अपनी उपलब्धियां गिनाने के बजाय चंडीगढ़ की समस्याओं की जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। आगामी नगर निगम चुनाव में जनता भाजपा के 12 वर्षों के शासन का हिसाब मांगेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि शहरवासी चंडीगढ़ के निर्माण और विकास में कांग्रेस की भूमिका को देखते हुए पार्टी पर फिर भरोसा जताएंगे।
लक्की ने कहा कि चंडीगढ़ को प्रचार के बजाय विकास, वादों के बजाय रोजगार और भ्रष्टाचार के बजाय जवाबदेह प्रशासन की जरूरत है। कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित