चंडीगढ़ , सितंबर 17 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से गुरुवार को यहां नशे के मुद्दे पर आयोजित कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न हिस्सों से नशे के कारण परिजनों को खोने वाले करीब 50 परिवारों ने अपनी आपबीती साझा की तथा सरकार से मुफ्त सुविधाओं के बजाय नशे की समस्या पर ठोस कार्रवाई और अपने परिजनों की मौत के मामलों में न्याय की मांग की।
'मांवा मंगदियां जवाब' नाम से आयोजित प्रेसवार्ता में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केवळ सिंह ढिल्लों ने कहा कि नशे के कारण राज्य में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार पर नशे की समस्या से प्रभावी ढंग से न निपटने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि भाजपा 18 सितंबर से चार 'नशा मुक्त पंजाब यात्राएं' शुरू करेगी।
पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने नशे से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए पंजाब सरकार के 'युद्ध नशे के विरुद्ध' अभियान पर सवाल उठाये। उन्होंने पुलिस की ओर से दिये गये गिरफ्तारी के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए सरकार से नशे के खिलाफ कार्रवाई में जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री पर गैंगस्टरों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए कहा कि जेलें नशा तस्करों के लिए सुरक्षित ठिकाने बन गयी हैं।
प्रेस वार्ता में परिवारों ने पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी शिकायतें रखीं। अबोहर की एक महिला ने आरोप लगाया कि नशे की बिक्री की सूचना पुलिस को देने के बावजूद उसे कथित तौर पर खुद नशा खरीदकर पुलिस को पकड़वाने के लिए कहा गया। एक अन्य महिला ने अपने दोनों बेटों को नशे के कारण खोने की बात कही। मोरिंडा और नवांशहर समेत अन्य स्थानों से आए लोगों ने भी नशे की गिरफ्त में फंसे युवाओं के इलाज और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित