कोप्पल , अगस्त 11 -- कर्नाटक के मंत्री बी. नागेंद्र ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ताबड़तोड़ हमलों का जवाब देते हुए कहा कि वह विधानसभा में विपक्ष का डटकर सामना करने के लिए तैयार हैं और उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया जायेगा।

श्री नागेंद्र ने कहा, "भाजपा नेता इस सोच के साथ लड़ रहे हैं कि दलित और पिछड़े वर्ग आगे न बढ़ें। हम विधानसभा में उन्हें कड़ा जवाब देने के लिए तैयार हैं। वे हमें घेरने की कोशिश करें। मुख्यमंत्री और पूरा मंत्रिमंडल इसका उचित जवाब देगा।" उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पहले ही इस मुद्दे पर जवाब दे चुके हैं और विपक्ष राजनीतिक दबाव के जरिए सरकार के कामकाज का तरीका तय नहीं कर सकता।

वाल्मीकि निगम धन मामले पर श्री नागेंद्र ने आरोपी होने और दोषी ठहराये जाने के बीच स्पष्ट अंतर बताते हुए कहा, "मैं आरोपी हूं, अपराधी नहीं।" उन्होंने कहा कि वित्तीय अनियमितताओं में शामिल पैसे की वसूली की कोशिशें चल रही हैं।

उन्होंने कहा कि जिस तरह से धन का गलत इस्तेमाल किया गया, वह पहले से ही पता है। उन्होंने भरोसा जताया कि न्यायिक प्रक्रिया आखिरकार उनकी बेगुनाही साबित करेगी। श्री नागेंद्र ने कर्नाटक से बाहर अपनी यात्राओं पर हो रही आलोचना को भी खारिज करते हुए कहा "मैँने सभी तय प्रक्रियाओं का पालन किया है, मैंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया। जब भी मैंने राज्य से बाहर यात्रा की, मैंने जरूरी अनुमति ली। मैंने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है।" उन्होंने कहा कि इस मामले में अदालत ने भी आदेश जारी किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित