सीकर , अप्रैल 14 -- राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर उसके शासन में संविधान की पालना नहीं होने का आरोप लगाते हुए कहा है कि वह पांच साल का कार्यकाल समाप्त हुए लंबा समय बीतने पर भी समय पर पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव नहीं करवाकर संविधान का अपमान कर रही है।
श्री डोटासरा मंगलवार को यहां संविधान निर्माता एवं भारत रत्न बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर आयोजित विचारगोष्ठी में बोल रहे थे। उन्होंने डॉ अंबेडकर के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बाबा साहेब के संविधान की वजह से ही आज सभी को शिक्षा मिल रही है, सभी को समानता का अधिकार मिला लोकतंत्र मजबूत हुआ,लेकिन आज भाजपा संविधान की धज्जियां उड़ाने में लगी है और समय पर पंचायत राज एवं नगर निकाय चुनाव नहीं करवा रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में संविधान की पालना नहीं हो रही है, इसलिए सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं नेताओं का धर्म बनता है कि भारत का संविधान भारत की आत्मा है, उसकी पालना हो सभी को समानता का अधिकार मिले गरीबों को संबल मिले इस के लिए कमर कस संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करना होगा। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुनीता गठाला ने कहा कि हमें बाबा साहेब के बताये हुए मार्ग पर चलना है संविधान का सम्मान करना है। हमें अपने अधिकारों के साथ अपने कर्तव्य की पालना भी करनी है। आज रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होता, आम आदमी के मताधिकार के अधिकार से आज जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित