देवरिया , मार्च 24 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व एमएलसी महेंद्र यादव का सोमवार देर रात गोरखपुर में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे लगभग 75 वर्ष के थे और कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
पार्टी सूत्रों ने बताया कि श्री महेंद्र यादव का राजनीतिक जीवन लंबा और सक्रिय रहा। उन्होंने देवरिया में भाजपा के जिलाध्यक्ष के रूप में वर्ष 2011 से 2017 तक संगठन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा वे सदर ब्लॉक प्रमुख के पद पर भी लंबे समय तक रहे और बाद में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) के रूप में कार्य किया।
उनके निधन की खबर मिलते ही जिले सहित राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। महेंद्र यादव अपने पीछे एक पुत्र और दो विवाहित पुत्रियों को छोड़ गए हैं। उनके पुत्र डॉ. अभिषेक यादव गोरखपुर में चिकित्सक हैं।
स्वर्गीय महेंद्र यादव का अंतिम संस्कार देवरिया के बरहज स्थित सरयू नदी तट पर किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित