पटना , अप्रैल 29 -- भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव राम नरेश पाण्डेय ने बुधवार को आरोप लगाया है कि कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यमंत्री बनते ही अपराधी बेलगाम हो गये हैं और राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
भाकपा राज्य सचिव ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार में हत्या, अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि से राज्य में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है। अपराधी बेलगाम हो गये है, दिन-दहाड़े हत्या हो जाती है। उन्होंने भागलपुर, मुजफ्फरपुर और पटना समेत विभिन्न जिलों में हालिया आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि इससे स्पष्ट है कि कानून का खौफ समाप्त हो गया है।
श्री पाण्डेय ने कहा कि नेशनल क्राईम रिकार्ड ब्यूरों (एन.सी.आर.बी.) के आँकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि हत्या और अपराध के मामलों में बिहार देश के शीर्ष पांच राज्यों में शामिल है और अपराध दर में दूसरे स्थान पर है। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधों की संख्या में 80 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एन.सी.आर.बी. के ही आँकड़ों के अनुसार वर्ष 2005 से अबतक बलात्कार के मामले में 47.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। पूरे बिहार की जो तस्वीर सामने आ रही है, उसके अनुसार बिहार के विभिन्न जिलों में आये दिन व्यवसायी, राजनीतिक कार्यकर्ता, अधिवक्ता, शिक्षक तथा सामान्य आदमी हत्या एवं अपराध के शिकार हो रहे हैं। राजधानी पटना आर्म्स एक्ट में दर्ज मुकदमों में बिहार का अग्रणी जिला हो गया है।
भाकपा राज्य सचिव ने आरोप लगाया कि राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार कानून-व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध पर गंभीर चिंता जताते हुए सरकार को इसके लिए जवाबदेह ठहराया है और आम लोगों से खराब कानून-व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष के लिए आगे आने का आह्वान किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित