टिहरी , अक्टूबर, 22 -- उत्तराखंड के टिहरी गढवाल जिले में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी और भाजपा महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा ने नई टिहरी में चुनावी बिगुल फूंका।पार्टी की वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सोना सजवाण ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी टिहरी जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान में पांच सीटों पर भाजपा के विधायक हैं और इस बार प्रतापनगर विधानसभा सीट पर भी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए संगठन पूरी मजबूती से जुटेगा।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्र नाथ शर्मा और प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार के गुरुवार को नई टिहरी पहुंचने पर जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान सरकार में जड़ी-बूटी सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सजवाण ने दोनों संगठन नेताओं से मुलाकात कर जिले की छह विधानसभा सीटों के राजनीतिक समीकरणों और संगठन की तैयारियों पर चर्चा की।
भाजपा के संगठन नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अभी से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा जनता के बीच पार्टी की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही चुनावी रणनीति को धरातल पर उतारने, जनसंपर्क मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की दिशा में काम करने की बात कही।
इस दौरान प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कांग्रेस की न्याय यात्रा और सीजेपी की ओर से रिजीम चेंज को लेकर दिए गए बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने संबंधित पक्षों से अपने बयानों के लिए माफी मांगने की मांग की। भाजपा नेताओं ने विपक्ष के आरोपों का जवाब देने के साथ ही सरकार के कार्यों और योजनाओं को जनता के बीच प्रभावी ढंग से रखने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित