लखनऊ , अगस्त 15 -- उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को आयोजित समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर एवं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सामूहिक राष्ट्रगान कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजबहादुर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने के संकल्प का पर्व है। यह दिन स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों और उन असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों के त्याग, संघर्ष और बलिदान की याद दिलाता है, जिन्होंने राष्ट्र की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उन्होंने सभी स्वतंत्रता सेनानियों और बलिदानियों को कृतज्ञतापूर्वक नमन किया।

प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के सम्मान, स्वाभिमान, गौरव और राष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गरीबों, किसानों, युवाओं और महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तीकरण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में सुरक्षा तथा सुशासन का वातावरण है, सीमाएं सुरक्षित हैं और वैश्विक स्तर पर भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। भारत आज विश्व के एक सशक्त और सामर्थ्यवान राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व मजबूत हाथों में है और भारत विकास, आत्मनिर्भरता तथा राष्ट्र निर्माण के पथ पर निरंतर आगे बढ़ रहा है।

श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें उन महान स्वतंत्रता सेनानियों और अमर बलिदानियों के संघर्ष एवं बलिदान का स्मरण कराता है, जिनकी बदौलत देश को आजादी मिली। उन्होंने सभी नागरिकों से देश और प्रदेश की उन्नति में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा तिरंगे के सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता और प्रगति के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन मुख्यालय प्रभारी गोविन्द नारायण शुक्ल ने किया। इस अवसर पर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमापति राम त्रिपाठी, प्रदेश उपाध्यक्ष रमेश सिंह एवं अर्चना मिश्रा, प्रदेश मंत्री शिव भूषण सिंह, अवधेश श्रीवास्तव, रजनी पाण्डेय और राहुल वाल्मीकि, राज्यसभा सदस्य अमर पाल मौर्य एवं संगीता यादव, एमएलसी अनूप गुप्ता, मुख्य प्रवक्ता दिनेश प्रताप सिंह, प्रदेश मीडिया सहप्रभारी हिमांशु दुबे, प्रदेश प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव और आलोक अवस्थी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित