इंदौर , मार्च 10 -- भारतीय जनता पार्टी के पं. दीनदयाल प्रशिक्षण महाअभियान के तहत मंगलवार को इंदौर में विषय वक्ता कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें भाजपा के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने संबोधित किया।
कार्यशाला में शिवप्रकाश ने कहा कि सक्षम कार्यकर्ता ही सशक्त संगठन की नींव होता है। इस प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से देशभर में लगभग 80 लाख भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे संगठन और मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ताओं के बौद्धिक और संगठनात्मक विकास के लिए महत्वपूर्ण हैं और इनके माध्यम से कार्यकर्ता पार्टी की विचारधारा और कार्यपद्धति को गहराई से समझते हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रशिक्षण से संगठन को शक्ति और दिशा मिलती है। भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्रवादी विचारधारा का सशक्त प्रतिनिधि होता है और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण के दौरान केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी समाज तक पहुंचाने का प्रयास करना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि भाजपा की विशिष्ट विचारधारा और कार्यपद्धति उसे अन्य दलों से अलग बनाती है। पार्टी की निरंतर सफलता में कार्यकर्ताओं के नियमित प्रशिक्षण और अनुशासन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में आत्मविश्वास और निष्ठा का संचार करना है, जिससे वे संगठन के विकास में प्रभावी भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से कार्यकर्ता अपने विचारों और कार्यशैली को और अधिक सुदृढ़ बना सकते हैं।
कार्यशाला में पार्टी के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, क्षेत्रीय प्रभारी के.सी. पटेल, विजय दुबे और डॉ. अभय प्रताप सिंह यादव सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित