वाराणसी , फरवरी 19 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने प्रयागराज में माघ मेला के दौरान बटुकों के साथ हुये दुर्व्यवहार की निंदा की है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 की केंद्रीय कार्यशाला में भाग लेने के लिए कई वरिष्ठ नेता काशी पहुंचे। केंद्रीय उच्च तिब्बती शिक्षा संस्थान, सारनाथ में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत बाजपेई, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी, प्रेम शुक्ला, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए। प्रयागराज में बटुकों की शिखा खींचे जाने के मामले पर लक्ष्मीकांत बाजपेई ने कहा कि किसी के शरीर पर अकारण हाथ लगाना महापाप है। जिन्होंने ऐसा किया है, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी की धार्मिक आस्था या परंपरा का अपमान नहीं होना चाहिए और कार्रवाई का अधिकार सरकार के पास है।

प्रेम शुक्ला ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी नागरिक के साथ ऐसा व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि कोई गलती हुई है तो उस पर विधिसम्मत कार्रवाई होनी चाहिए।

रीता बहुगुणा जोशी ने मामले को संवेदनशील बताते हुए कहा कि समाज में मनमुटाव की स्थिति नहीं बननी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच चल रही है और प्रशासन को उचित कदम उठाने चाहिए ताकि किसी का आत्मसम्मान आहत न हो।

पंकज सिंह ने कहा कि सरकार की ओर से इस मामले पर पक्ष स्पष्ट किया जा चुका है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित