पटना , अगस्त 04 -- ारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा)के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने मंगलवार को कहा कि बाँकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार प्रशांत किशोर की जीत से साबित हो गया है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के जनाधार में भारी कमी आई है। श्री पाण्डेय ने आज बयान जारी कर कहा कि भाजपा अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष की सीट भी नहीं बचा पाई। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा की सरकार बनने के बाद लगातार दो उप चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)की हार हुई है। पहले बिहार विधान परिषद की आरा-बक्सर स्थानीय प्राधिकार सीट पर जनता दल यूनाइटेड (जदयू) उम्मीदवार की हार हुई, अब बाँकीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार की हार हुई है।

भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि बाँकीपुर उपचुनाव पर छात्र आंदोलन और सम्राट चौधरी की सरकार के 100 दिनों के अंदर लिए गए जन विरोधी फैसला का असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा के उम्मीदवार को हराने के लिए बाँकीपुर के मतदाता ने दलीय भावना से ऊपर उठ कर मतदान किया। जनता ने भाजपा के अहंकार को चकनाचूर कर दिया है। लोकतंत्र में किसी का कोई गढ़ नहीं होता है। भाजपा उम्मीदवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, स्थानीय सांसद, बिहार सरकार के मंत्री सहित भाजपा के बड़े नेताओं के इलाके में भी हार मिली है। इससे साबित हो रहा है कि भाजपा सरकार से बिहार की जनता का मोहभंग हो गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के खिलाफ जनता में व्यापक आक्रोश है। आने वाले दिनों में केंद्र से भी भाजपा सरकार की विदाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित