चंडीगढ़ , अगस्त 11 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने पूर्व क्रिकेटर एवं राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह और अन्य मशहूर हस्तियों पर सोशल मीडिया के माध्यम से पंजाब को बदनाम करने की मुहिम चलाने का आरोप लगाया है।
आप के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इशारे पर पंजाब के खिलाफ गलत सूचनाएं प्रचारित की जा रही हैं।
उन्होंने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया कि श्री सिंह और सोनू सूद सहित कुछ मशहूर हस्तियों द्वारा सोशल मीडिया पर पंजाब का बताकर साझा किये जा रहे कुछ वीडियो वास्तव में राजस्थान के हैं। उन्होंने कहा कि बिना तथ्यों की पुष्टि किये केवल 'लाइक' और 'व्यूज' हासिल करने के लिए ऐसे वीडियो प्रसारित करना पंजाब को बदनाम करने का प्रयास है।
श्री पन्नू ने कहा कि ड्रग्स की समस्या केवल पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि यह वैश्विक समस्या है। उन्होंने सवाल किया कि जब गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह से कथित तौर पर बड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद होने और बाद में उसके चूहों द्वारा खाये जाने की खबरें सामने आयी थीं, तब ये नेता और कलाकार चुप क्यों रहे।
उन्होंने कहा कि पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के तहत जिला, विधानसभा, शहर और गांव स्तर पर नशे के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गांवों में ग्राम रक्षा समितियों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर निगरानी मजबूत की गयी है। इसके अलावा सीमावर्ती क्षेत्रों में एंटी-ड्रोन सिस्टम लगाये गये हैं और आम नागरिक ऐप के माध्यम से सीधे पुलिस महानिदेशक तथा मुख्यमंत्री को नशा तस्करी से संबंधित जानकारी भेज सकते हैं।
श्री पन्नू ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई के आंकड़े साझा करते हुए कहा कि एक मार्च 2025 से नौ अगस्त 2026 तक 56,267 मामले दर्ज किये गये और 75,552 आरोपियों को नामजद किया गया। इस अवधि में पुलिस ने 3,575 किलोग्राम हेरोइन, 509 किलोग्राम स्मैक, 880 किलोग्राम अफीम, 43,271 किलोग्राम पोस्ता (डोडे) और 95 किलोग्राम से अधिक चरस बरामद की। उन्होंने बताया कि इस दौरान 21 करोड़ 71 लाख 267 रुपये की कथित ड्रग मनी भी जब्त की गयी।
श्री पन्नू ने आरोप लगाया कि पंजाब में नशे की समस्या विशेषकर 2007 से 2017 के बीच रही अकाली-भाजपा सरकार के दौरान बढ़ी और इससे एक पूरी पीढ़ी प्रभावित हुई। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार की कोशिशों से युवाओं का रुझान खेलों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम के कप्तान, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और भारतीय हॉकी टीम के नौ खिलाड़ी पंजाब से हैं।
श्री पन्नू ने श्री सिंह पर निशाना साधते हुए सवाल किया कि जब वह स्वयं क्रिकेट खिलाड़ी थे, तब उन्होंने पंजाब के बच्चों को खेलों से जोड़ने के लिए क्या योगदान दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार गांवों में खेल मैदान तैयार कर युवाओं को खेलों से जोड़ने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार, पुलिस और ग्राम रक्षा समितियों के सदस्य नशे के खिलाफ अभियान में पूरी मजबूती से जुटे हुए हैं। उन्होंने पंजाब को बदनाम करने के लिए कथित तौर पर फैलाए जा रहे झूठे वीडियो और सूचनाओं की निंदा करते हुए कहा कि राज्य के लोग इस मुहिम के खिलाफ एकजुट हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित