नयी दिल्ली , जून 13 -- कांग्रेस ने कहा है कि चुनाव आयोग पूरी तरह से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के दबाव में काम कर रहा है और कांग्रेस इस मुद्दे के खिलाफ देशव्यापी अभियान चलाकर लोगों को जागरूक करेगी।
कांग्रेस से संबद्ध राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के चेयरमैन सुनील पंवार ने शनिवार को राजघाट पहुंचने के बाद यह बात कही। उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जंतर-मंतर पर सत्याग्रह किया था और चुनाव आयोग के कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन भूख-हड़ताल का संकल्प लिया था, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी। विरोध कर रहे कई कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि चुनाव आयोग आज सत्ता की कठपुतली और भारतीय जनता पार्टी के अनुवर्ती संगठन की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल किसी एक नेता या मुद्दे तक सीमित नहीं है, बल्कि गांधीवादी विचारधारा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित