चंडीगढ़ , नवंबर 04 -- पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसियों की छापेमारी को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि भाजपा के इशारे पर केंद्रीय एजेंसियां आप नेताओं को निशाना बना रही हैं, लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिल रहा।

श्री मान ने कहा कि भाजपा जितनी मर्जी छापेमारी करवा ले, आप सरकार पंजाब के लोगों के लिए काम करना बंद नहीं करेगी।

आप विधायक डॉ. अमनदीप कौर के आवास पर केंद्रीय एजेंसियों की छापेमारी पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं को डराने और उनकी आवाज दबाने के लिए जांच एजेंसियों का राजनीतिक इस्तेमाल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक प्रतिशोध, दबाव और साजिशों से न तो आप को कमजोर किया जा सकता है और न ही पंजाब के विकास का एजेंडा रोका जा सकता है।

श्री मान ने संवाददताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार जांच एजेंसियों को राजनीतिक हथियारके रूप में इस्तेमाल कर रही है। ये एजेंसियां अपने राजनीतिक आकाओं के इशारे पर जितनी मर्जी छापेमारी कर लें, लेकिन ईमानदारी से काम करने वाले आप नेताओं के खिलाफ उन्हें कुछ नहीं मिलेगा। उन्होंने केंद्र सरकार से राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने के बजाय लोगों की समस्याओं पर ध्यान देने को कहा।

श्री गांधी की पंजाब में रैली के संबंध में पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गांधी सहित प्रत्येक राजनीतिक नेता को रैली करने और अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का इस्तेमाल करने की पूरी आजादी है। लोकतंत्र में विचार व्यक्त करने और राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेने के अधिकार का सम्मान होना चाहिए।

विधायकों की भूमिका पर उन्होंने कहा कि केवल विधायक बन जाना पर्याप्त नहीं है। निर्वाचित प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है कि वे अपनी पार्टी के साथ मजबूती से खड़े रहें, उसके सिद्धांतों का पालन करें और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दें।

श्री मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि आम आदमी क्लीनिकों, सरकारी स्कूलों में सुधार और पंजाब में 2,000 से अधिक खेल मैदानों के विकास के जरिए सार्वजनिक सेवाओं में बदलाव लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सीचेवाल मॉडल के तहत नालों की सफाई कराई गई है और उन इलाकों में नहरी पानी की सुविधा बहाल की गई है, जो दशकों से इससे वंचित थे।

किसानों को सुबह के समय बिजली मिलने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे खेतीबाड़ी के काम में किसानों को काफी राहत मिली है। सरकार कृषि सुविधाओं को बेहतर बनाने और किसानों की मुश्किलें कम करने के लिए प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत रोजाना करीब 50 बसें चलाई जा रही हैं, जिनके माध्यम से लगभग 2,000 श्रद्धालु पंजाब और दूसरे राज्यों के धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के हर वर्ग के लोगों को सम्मान और सुविधा के साथ धार्मिक यात्राएं करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का उल्लेख करते हुए श्री मान ने खेल प्रेमियों से भारत और कोरिया के बीच होने वाला रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबला देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट को मिल रही शानदार प्रतिक्रिया और अंतरराष्ट्रीय हॉकी दिग्गजों की मौजूदगी पंजाब की हॉकी के प्रति दीवानगी को दर्शाती है। सरकार विश्वस्तरीय खेल ढांचे और युवाओं को खेलों के लिए प्रोत्साहित करने पर ध्यान दे रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार पंजाब के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से बचने के लिए सरकारी खजाना खाली होने का बहाना नहीं बनाएगी। कर्मचारियों, किसानों, युवाओं और समाज के प्रत्येक वर्ग की उम्मीदों को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पंजाब और पंजाबियों की छवि खराब करने के प्रयासों की भी आलोचना की और कहा कि राज्य के सम्मान के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

आप की ओर से 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी किए जाने पर उन्होंने कहा कि यह संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है और बाकी उम्मीदवारों के नाम उचित समय पर घोषित किए जाएंगे। मान ने कहा कि राजनीतिक विरोधी कितनी भी साजिशें कर लें और केंद्रीय एजेंसियों के जरिए कितना भी दबाव बनाया जाए, सरकार का ध्यान विकास, जनकल्याण और लोगों से किए वादों को पूरा करने पर रहेगा। पंजाब के लोगों ने बदलाव के लिए जनादेश दिया है और सरकार पूरी ईमानदारी तथा प्रतिबद्धता से उस पर काम करती रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित