चंडीगढ़ , सितंबर 17 -- पंजाब आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी और नशा मुक्ति मोर्चा के मुख्य प्रवक्ता बलतेज पन्नू ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रस्तावित 'नशा मुक्त पंजाब यात्रा' पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा को पहले 2007 से 2017 के दौरान राज्य में अपनी भूमिका पर जवाब देना चाहिए।

भाजपा की चार चरणों वाली 'नशा मुक्त पंजाब यात्राएं' 18 सितंबर से शुरू हो रही हैं।

श्री पन्नू ने आरोप लगाया कि जिस अवधि में भाजपा राज्य की तत्कालीन सरकार में गठबंधन सहयोगी थी, उसी दौरान पंजाब में 'चिट्टे' का संकट बढ़ा। उन्होंने सवाल किया कि उस समय भाजपा ने नशे के खिलाफ ऐसी मुहिम क्यों नहीं चलाई। उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय की जांच और तत्कालीन अधिकारी निरंजन सिंह के तबादले का भी जिक्र किया और भाजपा से इस पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने कहा कि राज्य के सीमावर्ती जिले नशा तस्करी की चुनौती से प्रभावित हैं और केंद्र तथा सीमा सुरक्षा बल की भूमिका पर भी जवाबदेही तय होनी चाहिए। श्री पन्नू ने आरोप लगाया कि भाजपा अन्य नशा प्रभावित राज्यों पर चुप रहते हुए पंजाब को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ राजनीतिक अभियान के बजाय तस्करी रोकने के लिए ठोस कदमों पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

मीडिया प्रभारी पन्नू ने दावा किया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व वाली आप सरकार ने 2022 के बाद 'युद्ध नशेआं विरुद्ध' अभियान के तहत नशा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई तेज की है और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ मिलकर सीमा पार से तस्करी रोकने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने राज्य में एंटी-ड्रोन व्यवस्था स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया।

आप नेता ने सरकार की खेल संबंधी पहलों का हवाला देते हुए कहा कि बठिंडा यूथ रन में 25 हजार से अधिक युवाओं ने भाग लिया और राज्य में 3,100 खेल मैदान बनाए गए हैं, जिनमें करीब 750 लोगों को समर्पित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में खेलों और युवाओं की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण माना जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित