रायपुर , अगस्त 04 -- दिल्ली के जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध में हुए छात्र प्रदर्शन से जुड़ा एक वीडियो अब राजनीतिक विवाद का विषय बन गया है। प्रदर्शन के दौरान डांस करती नजर आईं कंटेंट क्रिएटर उर्वशी पलांडुरकर का वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छत्तीसगढ़ इकाई की एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है।
भाजपा की पोस्ट में उर्वशी पलांडुरकर की तस्वीर के साथ "बाबर की विरासत पर ठुमके लगाने वाले जेन-जी " लिखा गया था। वहीं दूसरी ओर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मानित एक छात्रा की तस्वीर के साथ "छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाने वाले जेन-जी" अंकित किया गया। पोस्ट में लोगों से पूछा गया कि वे किस तरह के जेन-जी को चुनेंगे।
पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर व्यापक बहस शुरू हो गई। इसके जवाब में कंटेंट क्रिएटर उर्वशी पलांडुरकर ने एक वीडियो जारी कर कहा कि, " उनकी तस्वीर और वीडियो का इस्तेमाल बिना उनकी अनुमति के राजनीतिक पोस्ट में किया गया, जिसके बाद उन्हें बड़ी संख्या में ट्रोलिंग और आपत्तिजनक संदेशों का सामना करना पड़ा।"उर्वशी ने अपने वीडियो में कहा, "आज की जेन-जी पुराने राजनीतिक नैरेटिव से खुद को नहीं जोड़ती और सोशल मीडिया पर तथ्यों के साथ जवाब देना भी जानती है।" उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति का आकलन केवल एक वीडियो क्लिप के आधार पर नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने बताया कि 10वीं और 12वीं दोनों बोर्ड परीक्षाओं में उन्हें 93 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए थे। साथ ही उन्होंने डांस, कंटेंट क्रिएशन, योग और अन्य क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पढ़ाई और अन्य प्रतिभाओं को साथ लेकर आगे बढ़ना पूरी तरह संभव है।
उर्वशी का जवाब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। उनके वीडियो को करोड़ों बार देखा गया और बड़ी संख्या में लोगों ने उनके आत्मविश्वास तथा तार्किक जवाब की सराहना की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित