लखनऊ , सितम्बर 10 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सोशल मीडिया विभाग की प्रदेश कार्यशाला गुरुवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय में हुई। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सोशल मीडिया पर संगठन की प्रभावी मौजूदगी बढ़ाने, केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने तथा विपक्ष के कथित भ्रामक प्रचार का तथ्यात्मक जवाब देने की रणनीति पर चर्चा हुई।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा को ''नैरेटिव फॉलोअर नहीं, नैरेटिव सेटर'' बनना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष झूठ, फरेब और अफवाहों के जरिए नकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास करता है, जिसका जवाब सत्य और तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिस तरह पार्टी कार्यकर्ता बूथ से लेकर हर घर तक संगठन की विचारधारा, कार्यक्रमों, अभियानों और सरकार की योजनाओं को पहुंचाएंगे, उसी प्रतिबद्धता के साथ सोशल मीडिया के प्रत्येक मंच पर भी सक्रिय रहना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों और भाजपा की विचारधारा को प्रभावी तरीके से जनता के सामने रखने का आह्वान किया।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया कार्यकर्ताओं को विपक्ष के ''झूठे नैरेटिव'' का तथ्यात्मक और तर्कपूर्ण जवाब मुस्तैदी से देना होगा। उन्होंने बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को डिजिटल रूप से सशक्त करने और भ्रामक प्रचार का समयबद्ध जवाब देने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम गठित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया केवल संदेश प्रसारित करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनता से निरंतर संवाद का महत्वपूर्ण मंच है। सरकार के निर्णयों और उपलब्धियों के साथ स्थानीय विकास कार्यों, लाभार्थियों के अनुभवों तथा पार्टी के कार्यक्रमों को भी डिजिटल माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाना चाहिए।
राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कार्यकर्ताओं से डिजिटल रूप से सक्रिय और मुखर रहने तथा युवाओं को भाजपा की विचारधारा और कार्यक्रमों से जोड़कर सोशल मीडिया अभियान का हिस्सा बनाने को कहा। राष्ट्रीय सहसंयोजक शिवानंद द्विवेदी ने विभिन्न डिजिटल मंचों के बदलते स्वरूप और प्रभावी सामग्री निर्माण पर चर्चा की। कार्यशाला में सोशल मीडिया विभाग के क्षेत्रीय संयोजक, सहसंयोजक और जिला संयोजक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित