देहरादून , जून 13 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने संगठनात्मक स्तर पर मिशन 2027 की तैयारियों की शुरुआत करते हुए राज्य में विधानसभावार कोर कमेटी का गठन किया है।
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार बनी इन नवगठित कोर कमेटियों की रणनीतिक बैठकें भी धरातल पर शुरू हो चुकी हैं। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर यह कमेटियां सांगठनिक मजबूती और चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम होगी।
पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने शनिवार को बताया कि केंद्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार प्रदेश के सभी 70 विधानसभाओं में कोर कमेटी का गठन किया गया है। केंद्र द्वारा निर्धारित संरचना के क्रम में गठित इन कमेटियों में संबंधित विधानसभा के सांसद, क्षेत्र में निवासरत प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, महापौर, पालिका अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, सरकार में दायित्वधारी, जिला अध्यक्ष, विधानसभा के अंतर्गत सभी मंडल अध्यक्ष शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि जन प्रतिनिधियों और सांगठनिक विस्तार को देखते हुए, कोर कमेटी के सदस्यों की संख्या प्रत्येक विधानसभा में आवश्यकतानुसार अलग-अलग हो सकती है। जिसमें यह सांगठनिक व्यवस्था, आगामी विधानसभा चुनावों तक पार्टी के हर कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियानों और जमीनी चुनावी रणनीति को संचालित करने में सबसे महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित