खरगोन , सितंबर 08 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव एवं खरगोन-बड़वानी लोकसभा क्षेत्र के सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन कर जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि श्री गांधी भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता और विकास कार्यों से भयभीत हैं।
श्री पटेल ने आज यहां पत्रकारों से चर्चा में इंदौर में 19 सितंबर को प्रस्तावित श्री गांधी के कार्यक्रम की अनुमति को लेकर कांग्रेस नेताओं द्वारा भाजपा पर डरने का आरोप लगाए जाने संबंधी सवाल पर कहा कि भाजपा लंबे समय से सत्ता में है और विपक्ष को पारदर्शी तरीके से नियमानुसार कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति मिलती रही है।
उन्होंने कहा कि श्री गांधी पिछले तीन महीने से युवाओं को लेकर विभिन्न कार्यक्रम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि क्या अब वे बिना अनुमति के कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं और वक्तव्य दे रहे हैं।
श्री पटेल ने कहा कि 19 सितंबर को इंदौर में होने वाले कार्यक्रम को लेकर भी इसी तरह का दुष्प्रचार किया जा रहा है, जबकि राज्य सरकार नियमानुसार कार्यक्रम की अनुमति दे रही है।
उन्होंने दावा किया कि देश के करीब 70 प्रतिशत हिस्से में भाजपा की सरकार है और देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इससे विपक्ष में डर पैदा हो गया है और वह आए दिन नए मुद्दे उठाकर विरोध तथा भ्रम की स्थिति पैदा करने का प्रयास कर रहा है।
श्री पटेल ने कहा कि केंद्र सरकार लोकसभा में हर विषय पर निडर होकर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन राहुल गांधी स्वयं डरते हैं और विदेश जाकर भारत की आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता उनकी इस प्रवृत्ति को देख और समझ रही है।
सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के संबंध में श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तत्काल कार्रवाई की है। बालाघाट में बच्चों की मौत के मामलों पर उन्होंने कहा कि मामलों की स्क्रूटनी और स्कैनिंग की जा रही है तथा प्रभारी मंत्री गंभीरता से इसकी निगरानी कर रहे हैं।
राजस्थान नगर निकाय चुनाव के सह-प्रभारी श्री पटेल ने कहा कि इन चुनावों में भी जनता पूरी तरह भाजपा के साथ है और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में विकास की नई गाथा लिखी जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित