भोपाल , अगस्त 17 -- भारतीय जनता पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी में मध्यप्रदेश के आठ नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। पार्टी द्वारा सोमवार को जारी सूची के अनुसार लाल सिंह आर्य को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, खरगोन सांसद गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री और राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।

इसी तरह खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक, सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री, राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तथा राज्यसभा सांसद बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। मध्यप्रदेश भाजपा से जुड़े आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी मिली है।

लाल सिंह आर्य भाजपा के वरिष्ठ दलित नेताओं में शामिल हैं। वे गोहद विधानसभा क्षेत्र से विधायक और पूर्व में मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री रह चुके हैं। संगठन में वे भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।

खरगोन से लगातार दूसरी बार सांसद चुने गए गजेंद्र सिंह पटेल को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है। वे भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय महामंत्री सहित संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।

राज्यसभा सांसद कविता पाटीदार को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है। वे इंदौर जिला पंचायत की अध्यक्ष और भाजपा की प्रदेश महामंत्री रह चुकी हैं। वर्ष 2022 में वे राज्यसभा पहुंची थीं।

खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा को प्रकोष्ठ संकुल का राष्ट्रीय संयोजक बनाया गया है। वे वर्ष 2020 से 2025 तक मध्यप्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रहे और संगठन में लंबे समय तक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं।

सौदान सिंह को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद तरुण चुघ को राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी बनाया गया है। बंसीलाल गुर्जर को किसान मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा आशीष उषा अग्रवाल को राष्ट्रीय मीडिया सह-संयोजक नियुक्त किया गया है।

नई राष्ट्रीय टीम में मध्यप्रदेश के नेताओं को संगठन, आदिवासी-दलित राजनीति, किसान मोर्चा और मीडिया सहित विभिन्न क्षेत्रों में जिम्मेदारियां मिलने से प्रदेश का संगठनात्मक प्रतिनिधित्व बढ़ा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित