जयपुर , मार्च 30 -- राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर धर्म के नाम पर बंटवारा करने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा है कि देश भर में किसी राज्य का स्थापना दिवस उसी दिन मनाया जाता है जिस दिन उसका गठन हुआ लेकिन जनता समझ चुकी है कि ये कब तक हमें गुमराह करेंगे।
श्री गहलोत सोमवार को केरल जाने से पहले मीडिया से बातचीत में कांग्रेस द्वारा 30 मार्च को राजस्थान दिवस मनाए जाने के सवाल पर यह बात कही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस क्या मना रही है, हर राज्य में और देश में स्थापना दिवस उसी दिन मनाया जाता है जिस दिन उनका गठन हुआ था। प्रधानमंत्री खुद ट्वीट करते हैं। आज तो पता नहीं उन्होंने किया कि नहीं किया है।
उन्होंने कहा कि नई-नई बातें लाकर इनकी राजनीति विकास की नहीं है, इनकी राजनीति धर्म के नाम पर बंटवारा करने की है। कब तक करेंगे, जनता समझ चुकी है कि ये कब तक हमें गुमराह करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित