देहरादून , जुलाई 14 -- उत्तराखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक नगर निगम, 12 नगर पालिका एवं 10 नगर पंचायतों में पार्षदों के मनोनयन के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया है।

प्रदेश अध्यक्ष सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नवनियुक्त सदस्यों को हार्दिक बधाई देते हुए विकास और जनकल्याण के कार्यों को नीचे तक पहुंचाने में जुटने का आह्वान किया ताकि शहरों कस्बों में विकास की रफ्तार बढ़े और विकसित उत्तराखंड में सभी अपना योगदान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा नगर निगम हल्द्वानी में आठ और नगर पालिका परिषद सितारगंज में पांच, रामनगर में पांच, पुरोला में तीन, नैनीताल में छह, मंगलोर में पांच , कालाढूंगी में तीन, चिन्यौलीसैंण में तीन, भवाली में दो, विकास नगर में चार, हरबर्टपुर में तीन, गंगोलीहाट में तीन, बेरीनाग में तीन कर्मठ कार्यकर्ताओं को मनोनीत सदस्य के रूप में जनसेवा करने का अवसर दिया है।

इसी तरह नगर पंचायत शक्तिगढ़ में तीन, सेलाकुई में तीन, नौगांव में तीन, नगला में तीन, मुनस्यारी में तीन, लण्डौर में चार, लालपुर में तीन, लाल कुआं में तीन, झबरेड़ा में चार, भगवानपुर में तीन कार्यकर्ताओं को सदस्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

श्री भट्ट ने इन सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को उनकी नई भूमिका के हार्दिक बधाई एवं शुभकामना दी हैं। साथ ही सरकार द्वारा सभी की योग्यता पर भरोसा जताते हुए अहम दायित्व देने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर धामी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने सभी नवमनोनीत सदस्यों से सरकार द्वारा दी गई जिम्मेदारी का पूरी क्षमता एवं समर्पण से निर्वहन की उम्मीद जताई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित