प्रयागराज , जून 28 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. कीर्तिका अग्रवाल का रविवार को प्रयागराज पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया। हाल ही में उन्हें भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री से पदोन्नत कर पार्टी का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है।

लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पदभार ग्रहण करने के बाद पहली बार प्रयागराज पहुंचीं डॉ. अग्रवाल का कौड़िहार चौराहे, मलाका तिराहा, एमएनएनआईटी तिराहा, म्योराबाद चौराहा तथा सिविल लाइंस सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया।

कौड़िहार चौराहे पर प्रधान संघ की जिलाध्यक्ष रेखा पाल, मलाका तिराहे पर मंडल महामंत्री नीरज त्रिपाठी, एमएनएनआईटी तिराहे पर महेंद्र तिवारी, म्योराबाद चौराहे पर मंडल अध्यक्ष मनोज श्रीवास्तव तथा सिविल लाइंस में अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष नवाब खान की मौजूदगी में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उनका अभिनंदन किया। इसके बाद सिविल लाइंस स्थित वात्सल्य सभागार में आयोजित स्वागत समारोह में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका सम्मान किया।

इस अवसर पर डॉ. कीर्तिका अग्रवाल ने संगठन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है, उसका वह पूरी निष्ठा और तत्परता से निर्वहन करेंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत के बल पर उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी।

महिलाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने हमेशा महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में महिलाओं के हित में अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं और भविष्य में भी ऐसी योजनाएं जारी रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित