रायपुर , अगस्त 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सोमवार को पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बड़ा बदलाव करते हुए नई टीम की घोषणा की। नई राष्ट्रीय टीम में कुल 69 पदाधिकारियों को विभिन्न संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।

नई टीम में छत्तीसगढ़ को भी महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिला है। सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है।

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ नेताओं को संगठन की जिम्मेदारी दी गई है। राष्ट्रीय उपाध्यक्षों की सूची में राजस्थान की वसुंधरा राजे, उत्तराखंड के तीरथ सिंह रावत, दिल्ली के राम माधव और ओडिशा के बैजयंत जय पांडा सहित कई नेताओं को शामिल किया गया है।

राष्ट्रीय महामंत्री के रूप में विनोद तावड़े, सुनील बंसल, बिप्लब कुमार देब, स्मृति ईरानी, डॉ. सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, हरीश द्विवेदी और संजय भाटिया को जिम्मेदारी दी गई है।

भाजपा ने अपने विभिन्न मोर्चों के संगठन में भी बदलाव किया है। युवा, महिला, किसान, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अल्पसंख्यक मोर्चों के लिए नए राष्ट्रीय अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। नई टीम को आगामी चुनावों और संगठन विस्तार की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

इस बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने छत्तीसगढ़ से राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी मिलने पर दोनों पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्री देव ने सांसद रूपकुमारी चौधरी को भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विस कॉरपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष दीपक म्हस्के को भाजपा सोशल मीडिया का राष्ट्रीय संयोजक बनाए जाने पर शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित