बारां , जुलाई 27 -- राजस्थान में बारां में कोटा रोड स्थित सांसद कार्यालय में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला स्तरीय कार्यशाला सोमवार को आयोजित हुई।
कार्यशाला में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष, हर घर तिरंगा अभियान, विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, कलश वंदन अभियान और आगामी नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा एवं कार्य विभाजन किया गया।
कार्यशाला में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सुमन शर्मा ने कहा कि संत रविदास महाराज ने सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का संदेश दिया। उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना भाजपा का संकल्प है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष नरेश सिंह सिकरवार ने बताया कि संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर (वाराणसी) से आने वाले पवित्र कलश का जिले में भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव संगठन की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं और प्रत्येक कार्यकर्ता को जनसंपर्क बढ़ाते हुए सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाना होगा।
जिला महामंत्री लक्ष्मीनारायण केरवालिया ने बताया कि 29 जुलाई से 10 सितंबर तक कलश वंदन अभियान संचालित होगा। नौ से 14 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। चौदह अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। इसके अलावा जिलेभर में तिरंगा यात्राएं और सामाजिक समरसता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित