धार , अगस्त 07 -- भारतीय जनता पार्टी की जिला कामकाजी बैठक शुक्रवार को जिला संगठन प्रभारी सुभाषचंद्र कोठारी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुई। बैठक में हर घर तिरंगा अभियान, डिजिटल प्रशिक्षण, बूथ सशक्तिकरण तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के आयोजन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने की। इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष दिलीप पटोंदिया, मनोज सोमानी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यार्पण कर किया गया।
जिला महामंत्री राकेश पटेल ने बताया कि 09 से 15 अगस्त तक तिरंगा यात्रा और हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत मंडलों में तिरंगा यात्राएं, शहीद स्मारकों की साफ-सफाई, माल्यार्पण, सैनिक परिवारों का सम्मान तथा 13 से 15 अगस्त तक घर-घर तिरंगा फहराने जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने ने संत रविदास जयंती समारोह की तैयारियों की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता सुभाषचंद्र कोठारी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसका मजबूत बूथ संगठन है और चुनाव की सफलता का आधार बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर 11 सदस्यीय टोली के गठन, नियमित मतदाता संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित