भिवानी , जून 01 -- हरियाणा इनेलो के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर सोमवार को भिवानी में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का नेतृत्व इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री डॉ. वासुदेव शर्मा ने किया, जबकि अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक ढाणी माहू ने की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई, बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था, बिजली-पानी संकट और बढ़ती ईंधन कीमतों को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती, रसोई गैस पर राहत, बिजली-पानी की समस्याओं का समाधान, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गयी।
डॉ. वासुदेव शर्मा ने आरोप लगाया कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी से आम जनता परेशान है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। साथ ही बिजली कटौती और पेयजल संकट ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित