जौनपुर , अप्रैल 6 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि भाजपा की स्थापना भले ही 1980 में हुई हो, लेकिन इसकी जड़ें भारतीय जनसंघ की राष्ट्रवादी विचारधारा में गहराई तक समाई हुई हैं।

जौनपुर के जिला कार्यालय पर सोमवार को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में उन्होंने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि "राष्ट्र प्रथम" की भावना से प्रेरित जनआंदोलन है। उन्होंने "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास" को पार्टी की मूल नीति बताया।

कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि पार्टी का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाना है और कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के लिए एकजुट होकर काम करना चाहिए।

विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीढ़ बताते हुए उनके योगदान की सराहना की। वहीं पूर्व सांसद केपी सिंह ने भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने की। इस दौरान पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित