नयी दिल्ली , जून 9 -- कांग्रेस ने राज्यसभा चुनाव के लिए पार्टी की उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन पत्र खारिज किए जाने को लोकतंत्र और संविधान पर हमला बताते हुए कहा है कि भाजपा की इस गंदी साजिश को कानूनी और राजनीतिक, दोनों स्तरों पर चुनौती दी जाएगी।

कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने मंगलवार को कहा कि श्रीमती नटराजन का राज्यसभा नामांकन खारिज किया जाना भाजपा का लोकतांत्रिक प्रक्रिया को छिपे तरीके से नष्ट करने का खुला प्रयास है। उन्होंने कहा कि नामांकन पत्र में किसी त्रुटि अथवा जानकारी छिपाने के आरोप पूरी तरह निराधार और मनगढ़ंत हैं तथा कांग्रेस से एक सीट छीनने की यह भाजपा की हताश कोशिश का हिस्सा है।

श्री वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि जब भाजपा को यह एहसास हो गया कि कांग्रेस विधायकों को प्रभावित करने की उसकी कोशिशें सफल नहीं होंगी, तब उसने इस स्तर पर गिरकर श्रीमती नटराजन का नामांकन ही खारिज करा दिया। उन्होंने कहा कि यह संविधान और लोकतंत्र के प्रति भाजपा की खोखली प्रतिबद्धता को उजागर करता है।

उन्होंने कहा कि भाजपा हर स्तर पर किसी न किसी तरीके से "वोट चोरी" करने पर आमादा है, लेकिन कांग्रेस लोकतंत्र की इस खुली लूट को स्वीकार नहीं करेगी और इसके खिलाफ अदालत से लेकर सड़क तक मजबूती से लड़ाई लड़ेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित