भरतपुर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में भरतपुर नगर निगम में सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अनुराधा सिंह ने महापौर पद की शपथ ली। सुश्री अनुराधा सिंह के साथ पार्षद भी पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। कुछ पार्षद मंगलवार को शपथ लेंगे।
कांग्रेस समर्थित निर्दलीय दावेदार विचित्रा सिंह के नामांकन वापस लेने के बाद भाजपा का महापौर निर्विरोध तय हो गया था।
सुश्री अनुराधा सिंह वार्ड नंबर 61 से भाजपा के टिकट पर पार्षद पद के लिए चुनाव लड़ी थीं। उन्हें 673 मत मिले और दूसरे नंबर पर अनीता सिंह रहीं। अनीता सिंह को 632 मत मिले। वह वर्ष 2014 में और 2019 में वार्ड नंबर 62 से पार्षद रह चुकी हैं।
सुश्री अनुराधा सिंह के पति हजारी सिंह भाजपा में जिला उपाध्यक्ष और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष रह चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित