पटना , अक्टूबर 06 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा)किसान मोर्चा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत नौ अक्टूबर को 'अन्नदाता सेवा संकल्प यात्रा सह किसान संवाद' का आयोजन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय, पटना में किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राम सुमरन सिंह की अध्यक्षता में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान यात्रा की तैयारियों, मार्ग और किसान संवाद कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
राम सुमरन सिंह ने बताया कि रोहतास जिले के दिनारा विधानसभा क्षेत्र स्थित मां भलूनी धाम से मां मुंडेश्वरी धाम तक लगभग 76 किलोमीटर की विशाल ट्रैक्टर यात्रा निकाली जाएगी। भलूनी धाम में सुबह 10 बजे से किसान संवाद कार्यक्रम शुरू होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी और दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी मुख्य रूप से मौजूद रहेंगे। किसान संवाद में करीब चार हजार किसानों के शामिल होने की संभावना है।उन्होंने कहा कि भाजपा किसान मोर्चा की ओर से आयोजित इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाना और अन्नदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करना है।
बड़ी संख्या में किसान अपने ट्रैक्टरों के साथ यात्रा में शामिल होकर प्रधानमंत्री के प्रति अपना आशीर्वाद और समर्थन व्यक्त करेंगे। यात्रा के दौरान मनोज तिवारी और मिथिलेश तिवारी मौजूद रहेंगे।
मां मुंडेश्वरी धाम में शाम पांच बजे समापन समारोह होगा, जिसमें कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा और उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
राम सुमरन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित यह यात्रा किसानों के सम्मान और उनके साथ संवाद का अवसर है। उन्होंने किसान भाइयों, भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सरकार की योजनाओं और सेवा कार्यों का संदेश पहुंचाया जा रहा है। किसान मोर्चा की यह पहल अन्नदाताओं के साथ संवाद और उनके प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत करेगी।
यात्रा कार्यक्रम के संयोजक अखिलेश कुमार ने कहा कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां अच्छी चल रही है।साथ ही किसान मोर्चा के दिलीप कुमार सिंह भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित