चंडीगढ़ , अप्रैल 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रदेशभर में अपना 47वां स्थापना दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया। लाखों कार्यकर्ताओं ने अपने घरों पर पार्टी का ध्वज फहराया। प्रदेश के 20,629 बूथों पर भी झंडा फहराकर मिठाइयां बांटी गईं और एक-दूसरे को बधाई दी गई।

गुरुग्राम स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी सतीश पूनिया सहित कई नेताओं ने पार्टी का ध्वज फहराया और कार्यकर्ताओं को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इसे पार्टी के संघर्ष, समर्पण और सेवा की भावना को याद करने का दिन बताया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बलिदान से भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है।

प्रदेशभर में विभिन्न स्थानों पर भी कार्यक्रम आयोजित हुए। संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने चंडीगढ़ कार्यालय में कार्यक्रम किया, जबकि मंत्री अनिल विज (अंबाला) और कृष्ण बेदी (नरवाना) सहित अन्य नेताओं ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में झंडा फहराया।

प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 7 से 12 अप्रैल तक "गांव चलो-बस्ती चलो" अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत कार्यकर्ता घर-घर जाकर केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों व उपलब्धियों की जानकारी देंगे। इसके अलावा 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में सप्ताहभर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 13 अप्रैल को प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान और दीपोत्सव होगा, जबकि 14 अप्रैल को माल्यार्पण और गोष्ठियों के माध्यम से उनके विचारों का प्रचार किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 15 अप्रैल से 15 मई तक जिला स्तर पर 36 घंटे का महाप्रशिक्षण अभियान भी चलाया जाएगा, जिसका उद्देश्य कार्यकर्ताओं को संगठन और विचारधारा से जोड़ना है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 1952 में जनसंघ से शुरू हुई यात्रा 1980 में भाजपा के गठन के साथ आगे बढ़ी और आज पार्टी देश की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति बन चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर विकास की ओर अग्रसर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित