भोपाल , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश भाजपा द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों से देश तथा प्रदेश में हुए बदलावों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने शुक्रवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में संयुक्त पत्रकार वार्ता में अभियान की जानकारी दी।

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बताया कि 17 सितंबर को शाम सात बजे अभियान की शुरुआत होगी। प्रदेश के करीब 71 हजार बूथों पर लाभार्थियों के घरों में 'आशीर्वाद का दीप' जलाया जाएगा। सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले प्रमुख स्थानों पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि सरकारी और निजी स्कूलों में 'मेरे सपनों का भारत' कार्यक्रम के तहत चित्रकला, ड्राइंग और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। विकसित भारत की संकल्पना को लेकर स्कूल से ब्लॉक और जिला स्तर तक प्रतिभागियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

'नमो सेवा अनकही कहानी' के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और उनके कार्यों पर आधारित 10 से 15 मिनट की नाट्य प्रस्तुतियां चौक-चौराहों और विभिन्न संस्थानों में की जाएंगी। दो अक्टूबर को भी अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे।

खंडेलवाल ने बताया कि प्रदेश की 97 हजार से अधिक आंगनवाड़ियों में तीन दिन तक 'आंगन मिलन' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का सम्मान होगा तथा बच्चों और माताओं को पोषण, स्वास्थ्य और महिला संबंधी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

प्रदेश के करीब 11 हजार 400 शक्ति केंद्रों पर 'सेवा की कहानी' कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें छोटी-छोटी झांकियों और प्रस्तुतियों के माध्यम से देश में हुए बदलावों की जानकारी दी जाएगी। केंद्र सरकार के 12 वर्ष के कार्यकाल और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन के दौरान हुए बदलावों को भी जनता तक पहुंचाया जाएगा।

खंडेलवाल ने कहा कि यह अभियान शासन और समाज के मिलकर काम करने की भावना पर आधारित है। इसके माध्यम से सेवा गतिविधियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यों और योजनाओं के प्रभाव की जानकारी जनता तक पहुंचाई जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश में छह एक्सप्रेस-वे बनाए जाएंगे। पीथमपुर से मुंबई तक आठ लेन एक्सप्रेस-वे तैयार है। उन्होंने सागर में अपराधियों के खिलाफ की गई कार्रवाई का उल्लेख करते हुए कहा कि एक अपराधी का एनकाउंटर हुआ है और अपराधियों के मकान भी तोड़े गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भूकंप जैसी चुनौतियों के बीच राज्य को आगे बढ़ाया। उन्होंने रिफाइनरी का उदाहरण देते हुए कहा कि उस समय इसकी जरूरत पर सवाल उठाए गए थे, लेकिन आज पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति और कीमतों के संदर्भ में ऐसे फैसलों का महत्व समझ में आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भविष्य की चुनौतियों को ध्यान में रखकर फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि एक समय अमेरिका ने उन्हें वीजा देने से इनकार किया था, लेकिन आज भारत का वैश्विक प्रभाव बढ़ा है। प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन और केंद्र में 12 वर्ष के कार्यकाल में लोकतांत्रिक व्यवस्था के माध्यम से भाजपा को भी गौरव मिला है। डॉ. यादव ने बताया कि वे शुक्रवार को इंदौर जाएंगे, जहां मध्यप्रदेश में सुगम परिवहन सेवा शुरू करने की दिशा में आयोजित कार्यशाला में शामिल होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित