नयी दिल्ली , मार्च 17 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता संबित पात्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुये कहा है कि कांग्रेस आज भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरोध में बोलते-बोलते भारत के खिलाफ खड़ी नजर आ रही है।
श्री पात्रा ने मंगलवार को संसद परिसर में पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि अमेरिका की संस्था यूनाइटेड स्टेट कमीशन ऑन इंटरनेशनल रिलिजियस फ्रीडम (यूएससीआईआरएफ) ने मार्च 2026 की रिपोर्ट में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस)और देश की खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनलेसिस विंग (रॉ) पर प्रतिबंध लगाने की बात कही है।
श्री पात्रा ने कहा कि इस रिपोर्ट पर भारत सरकार की तरफ से विदेश मंत्रालय ने अपने स्पष्ट जवाब में कहा है कि यह अमेरिकी आयोग सब्जेक्टिव (व्यक्तिनिष्ठ) तरीके से काम करता है और इसके स्रोत विश्वसनीय नहीं हैं। श्री पात्रा ने कहा कि इस रिपोर्ट में न तो वस्तुनिष्ठता है और न ही तथ्यात्मक आधार, जिस कारण भारत सरकार ने इसे पूरी तरह खारिज कर दिया है।
श्री पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ने इस रिपोर्ट का समर्थन किया है। इससे यह स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता राहुल गांधी भारत को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि 'रॉ' जैसी महत्वपूर्ण भारतीय एजेंसी के खिलाफ किसी विदेशी आयोग को टिप्पणी करने या प्रतिबंध की मांग करने का अधिकार नहीं है। इसके बावजूद कांग्रेस ऐसे बयानों के समर्थन में खड़ी दिखाई दे रही है।
श्री पात्रा ने कहा कि इस आयोग में पाकिस्तानी मूल के अमेरिकी नागरिक डॉ. आसिफ मोहम्मद वाइस चेयर (उपाध्यक्ष) और कमिश्नर (आयुक्त) के रूप में शामिल हैं और आयोग की बैठकों में उनकी भूमिका रहती है। उन्होंने आरोप लगाते हुये कहा कि ऐसे लोगों के प्रभाव में भारत के खिलाफ इस तरह की रिपोर्ट तैयार की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित