नयी दिल्ली , अक्टूबर 27 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के बुधवार को 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान के तहत लाल किले से टाउन हॉल तक प्रस्तावित मार्च पर निशाना साधते हुए इसे 'वोट चोरी और सीनाजोरी' का उदाहरण बताया।
श्री यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष की आवाज दबाने और जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि करवा चौथ के त्योहार पर एशिया के प्रमुख व्यापारिक बाजार चांदनी चौक में मार्च निकालने से व्यापारियों, दुकानदारों और श्रमिकों को भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है। उन्होंने भाजपा पर दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक ओर भाजपा व्यापारियों की हितैषी बनने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर व्यस्त बाजार में राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित कर रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के प्रदर्शनों के दौरान दुकानों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, मेट्रो के प्रवेश-निकास द्वारों और सार्वजनिक परिवहन को बंद कर लोगों को परेशान किया गया, जबकि भाजपा को मार्च की अनुमति मिल गयी। उन्होंने कहा कि एक नवंबर को रामलीला मैदान में होने वाली महागठबंधन की 'वोट बचाओ, देश बचाओ' महारैली से भाजपा घबरायी हुई है। उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस मतदाता सूची में कथित हेरफेर और वोट चोरी के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित