नयी दिल्ली , मार्च 06 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में चल रही 'परिवर्तन यात्रा' को पूरे राज्य में लोगों का अपार जनसमर्थन मिल रहा है और बड़ी संख्या में लोग बदलाव के इस अभियान से जुड़ रहे हैं।

राज्य के विभिन्न हिस्सों में लोग उत्साह के साथ भाजपा की इस यात्रा में भाग ले रहे हैं और मौजूदा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं।

भाजपा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी एक पोस्ट पर लिखा कि लोगों का उत्साह राज्य में बढ़ते जनाक्रोश को दर्शाता है। पार्टी का दावा है कि भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था की स्थिति, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार और उद्योगों के बंद होने जैसे मुद्दों के कारण जनता बदलाव के लिए तैयार है। पार्टी ने अपने संदेश में कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता परिवर्तन के लिए उठ खड़ी हुई है और राज्य के कोने-कोने में बदलाव की आवाज़ गूंज रही है।

भाजपा ने इस पोस्ट में राज्य के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे पश्चिम बंगाल की प्रशासनिक व्यवस्था की रीढ़ हैं। पार्टी का आरोप है कि वर्तमान सरकार के दौरान कर्मचारियों को वर्षों तक इंतजार करना पड़ा। भाजपा ने वादा किया कि यदि आगामी चुनावों में पार्टी सत्ता में आती है तो सरकार बनने के 45 दिनों के भीतर राज्य के सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू कर दी जाएंगी।

भाजपा के अनुसार, परिवर्तन यात्रा आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर चलाया जा रहा एक महत्वपूर्ण अभियान है। इस अभियान के मुख्य मुद्दों में सरकारी विभागों में खाली पदों को भरना, सरकारी कर्मचारियों के लिए 7वां वेतन आयोग लागू करना और राज्य में अवैध घुसपैठ को रोकना शामिल है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना से इस यात्रा की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा था कि इस यात्रा के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता राज्य के हर कोने तक बदलाव और घुसपैठ मुक्त बंगाल का संदेश पहुंचाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित