वाराणसी , अक्टूबर 26 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय राय ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर कैंटोनमेंट स्थित सेंट मैरी स्कूल तिराहे पर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाए जाने की घटना पर नाराजगी जताते हुए भाजपा के रवैये को दलित समाज के प्रति चिंताजनक बताया।
अजय राय ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि ने अपने साहित्य के माध्यम से सत्य, न्याय, करुणा और मर्यादा का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा कि दलित समाज से आने वाले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का पुतला जलाया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा को विपक्ष पर सवाल उठाने से पहले अपने नेताओं के आचरण और बयानों का आकलन करना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने वाराणसी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत लागू प्रतिबंधात्मक आदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि इनके प्रभावी रहने के दौरान पुतला दहन किया गया है, तो प्रशासन को मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। कानून सभी राजनीतिक दलों और संगठनों पर समान रूप से लागू होना चाहिए। उल्लंघन प्रमाणित होने पर दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की जयंती पर सच्ची श्रद्धांजलि तभी होगी, जब समाज से जातिगत भेदभाव समाप्त हो और प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान मिले।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित