अलवर , अक्टूबर 17 -- राजस्थान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष मदन राठौड़ के पाकिस्तान को लेकर दिए गए बयान पर राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने तीखी प्रतिक्रिया करते हुए कहा है कि एक तरफ भाजपा के नेता दिनभर पाकिस्तान को गालियां देते हैं और चुनावों में हिंदुस्तान-पाकिस्तान की बात करते हैं, दूसरी तरफ प्रदेश अध्यक्ष का पाकिस्तान के समर्थन में बयान देना पार्टी का असली चेहरा उजागर करता है।

श्री जूली ने शनिवार को यहां पत्रकारों से कहा कि श्री राठौड़ का यह बयान समझ से परे है कि अमेरिका और पाकिस्तान के बीच लड़ाई होने पर हम पाकिस्तान के साथ हैं। उन्होंने कहा कि आखिर उस पाकिस्तान के समर्थन की बात कैसे की जा सकती है, जिस पर पहलगाम में निहत्थे लोगों की हत्या और पुलवामा में भारतीय जवानों पर हुए हमले जैसे गंभीर आरोप हैं। उन्होंने पाकिस्तान पर सीमा पर बेईमानी करने, मादक पदार्थों और हथियारों की आपूति के जरिए भारत को परेशान करने के आरोप भी लगाए।

श्री जूली ने कहा कि भाजपा नेता चुनावों के दौरान गांवों में हिंदुस्तान और पाकिस्तान की बात करते हैं। अलवर के तिजारा विधानसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने इसे हिंदुस्तान और पाकिस्तान का मैच बताया गया था। ऐसे में अब प्रदेश अध्यक्ष का पाकिस्तान को लेकर दिया गया बयान भाजपा की कथनी और करनी के अंतर को दिखाता है। उन्होंने भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से इस मामले में अपना रुख स्पष्ट करने की मांग करते हुए सवाल किया कि पार्टी पाकिस्तान के साथ है या उसके खिलाफ। शनिवार को अलवर में पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह के निवास पर पंचायत चुनाव को लेकर कांग्रेस की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पंचायत चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा के दौरान टीकाराम जूली ने मीडिया से बातचीत में यह बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित