जयपुर , अप्रैल 07 -- राजस्थान के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रदेश प्रभारी डॉ राधा मोहन दास ने भाजपा को कार्यकर्ता आधारित संगठन बताते हुए कहा है कि जहां प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए कार्य करने का अवसर उपलब्ध रहता है और उन्होंने संगठन के कार्यों में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया है।
डॉ अग्रवाल मंगलवार को यहां भाजपा प्रदेश कार्यालय में पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की और पार्टी के आगामी कार्यक्रमों, संगठनात्मक गतिविधियों एवं विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की और इसके बाद मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही। डॉ अग्रवाल ने कहा कि उन्होंने संगठन के कार्यों में किसी प्रकार का हस्तक्षेप नहीं किया बल्कि सभी पदाधिकारियों से परिचय प्राप्त कर उनके संगठनात्मक योगदान की जानकारी ली।
उन्होंने बताया कि पार्टी में विभिन्न अभियान, विधानसभा स्तर के कार्यक्रम तथा जिला इकाइयों के कार्य निरंतर चलते रहते हैं, जिससे कोई भी कार्यकर्ता निष्क्रिय नहीं रहता। उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में सभी को समाहित करना संभव नहीं होता लेकिन प्रत्येक कार्यकर्ता की क्षमता के अनुसार उसे जिम्मेदारी दी जाती है।
उन्होंने कहा कि भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है, जिसके करोड़ों कार्यकर्ता हैं और लाखों सक्रिय कार्यकर्ता संगठन को मजबूत बनाने में जुटे हुए हैं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता अनुभवी, समर्पित एवं निर्भीक हैं। जिलों में पदाधिकारियों की नियुक्ति को लेकर उन्होंने बताया कि इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष को निर्देश दिए गए हैं और शीघ्र ही नई नियुक्तियां की जाएंगी।
पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बयान पर उन्होंने कहा कि वे आज भी लोकप्रिय नेता हैं तथा उन्होंने उचित कहा है कि योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं को ही नियुक्तियां मिलनी चाहिए। राजनीतिक नियुक्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अग्रवाल ने कहा कि सरकार के कार्यकाल में अभी पर्याप्त समय शेष है और सामूहिक निर्णय के आधार पर उचित समय पर नियुक्तियां की जायेगी। मंत्रिमंडल विस्तार के संबंध में डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि वर्तमान मंत्रिमंडल कार्य कर रहा है और मुख्यमंत्री द्वारा लगातार मूल्यांकन किया जा रहा है। आवश्यकता महसूस होने पर ही इस विषय में निर्णय लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित