प्रतापगढ़ , सितंबर 29 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उत्तर प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं काशी क्षेत्र के नवनियुक्त क्षेत्रीय प्रभारी रमेश सिंह ने मंगलवार को प्रतापगढ़ स्थित पार्टी के जिला कार्यालय में आयोजित संगठनात्मक बैठक को संबोधित किया और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा एवं उत्साह का संचार किया।
उन्होंने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय जैसे महापुरुषों ने जिन मूल्यों और विचारों के साथ संगठन की नींव रखी, उन्हीं विचारों के साथ भाजपा आज विश्व के बड़े राजनीतिक संगठनों में अपना स्थान बना चुकी है। संगठन का विस्तार केवल संख्या बढ़ाने से नहीं, बल्कि विचारधारा के प्रति समर्पण और समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने से होता है।
कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए श्री सिंह ने कहा कि भाजपा का वास्तविक सामर्थ्य उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं में निहित है। प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि हर परिस्थिति में समाज के साथ खड़ा रहने वाला राष्ट्रसेवक है।
बैठक में सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अभय कुमार ओझा, पूर्व विधायक बृजेश सौरभ, राजा अनिल प्रताप सिंह, पूर्व जिलाध्यक्ष हरिओम मिश्र, ओम प्रकाश त्रिपाठी, काशी क्षेत्र कार्यसमिति सदस्य अशोक मिश्र समेत पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित