जालंधर , अक्टूबर 19 -- पंजाब में जालंधर पश्चिम के पूर्व विधायक एवं पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष शीतल अंगुराल के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को नशा तस्करी, गुंडागर्दी और बिगड़ती कानून-व्यवस्था के खिलाफ बाबू जगजीवन राम चौक पर प्रदर्शन कर पंजाब सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शन में महिलाओं, युवाओं, पार्षदों और पार्टी पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि इलाके में आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

श्री अंगुराल ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के शासन में मंत्री महिंद्र भगत के विधानसभा क्षेत्र में नशे के कारोबार को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नशीले पदार्थों के कारोबार से जुड़े होने के आरोपों का सामना कर रहे कुछ लोग सत्ताधारी दल के नेताओं के साथ सार्वजनिक रूप से दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि नशे के कारण युवा पीढ़ी प्रभावित हो रही है, जबकि सरकार इस कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने में नाकाम है।

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि जालंधर पश्चिम में कुछ मेडिकल स्टोरों के माध्यम से नशीले पदार्थों की बिक्री, अवैध शराब और लॉटरी की आड़ में दड़ा-सट्टा चलाए जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। उन्होंने सवाल किया कि यदि सरकार नशे के खिलाफ गंभीर है, तो इन गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही। उन्होंने इन मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित