कोटा , अगस्त 11 -- राजस्थान के शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने कार्यकर्ताओं को संगठित होकर आपसी सामंजस्य के साथ मेहनत करते हुए रामगंजमंडी एवं सुकेत नगरपालिका में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का बोर्ड बनाने का आह्वान किया है।

श्री दिलावर मंगलवार को यहां रामगंजमंडी नगर स्थित श्री अग्रसेन अतिथि गृह में आयोजित भाजपा रामगंजमंडी नगरमंडल भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि चुनाव में टिकट एक कार्यकर्ता को मिलता है। प्रत्याशी एक ही कार्यकर्ता बनता है, किंतु बाकी शेष सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पूरी ताकत के साथ स्वयं को ही भाजपा प्रत्याशी मानते हुए घोषित प्रत्याशी को जीतने के लिए लगना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवादी पार्टी है और पारिवारिक आधार पर काम करती है। हमारे कार्यकर्ता, कार्यकर्ता नहीं बल्कि हमारे परिवार हैं। इसलिए टिकट किसी को भी मिले, वह हमारे परिवार के व्यक्ति को ही मिलेगा और उसे जिताना हमारी पारिवारिक जिम्मेदारी है। इसलिए यह तय कर लें कि हम सब कार्यकर्ताओं को मिलकर कड़ी मेहनत करनी है और संगठन शक्ति के बल पर घोषित भाजपा प्रत्याशी को विजय श्री दिलानी है।

श्री दिलावर ने दावा करते हुए कहा कि रामगंज मंडी भाजपा का गढ़ है और यहां निवास करने वाले प्रत्येक घर में भाजपा कार्यकर्ता है। इसलिए भाजपा का बोर्ड बनने से कोई रोक नहीं सकता।

बैठक में नगर पालिका रामगंज मंडी के सभी 40 वार्डों के लिए वार्ड वार प्रत्याशी छानबीन समिति का गठन किया गया। इससे पूर्व श्री दिलावर अपने विधानसभा क्षेत्र की सुकेत नगर पालिका के लिए सुकेत मंडल भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक सुकेत में ली। कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने और पालिका में भाजपा का बोर्ड बनाने पर जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित